बेतिया(प.चं.) :: जरूरतमंदों को सुविधा व सहयोग देना भी पुण्य : गरिमा

शहाबुद्दीन अहमद, कुशीनगर केसरी, बेतिया पश्चिम चंपारण बिहार। गंडक के पावन पिपराघाट पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मेले में इस बार विशेष प्रबन्ध देखने को मिला। गंडक नदी के इस घाट के किनारे महिला स्नानार्थियों के कपड़े बदलने की सुविधा के लिये दर्जनभर चेंजिंग रूम बनाये गये थे। जिससे मेले में पहुचीं सैकड़ों महिलाओं को नहाने के बाद अपने कपड़े बदलने में पहली बार असहज स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। पखनाहा के देवनाथ यादव, बैरिया की शीतला देवी, बेतिया पुरानी गुदरी की देवंती देवी नया बाजार संजय कुमार आदि ने बताया कि बेतिया नगर परिषद की सभापति गरिमा देवी सिकारिया की ओर से पहली बार बनवाया गया यह अस्थायी चेंजिंग रूम से मेले में पहुंचीं महिलाओं को स्नान के बाद अपने कपड़े बदलने में बड़ी सुविधा हुई है। पहले ऐसी व्यवस्था नहीं होने से स्नान के बाद महिलाओं व लड़कियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था। इधर नगर परिषद की सभापति व भाजपा नेत्री गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि बेतिया की अनेक महिलाओं व लोगों ने ऐसी समस्या का ज़िक्र किया था। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को सुविधा व सहयोग देना भी पुण्य का कार्य है। इसी धारणा से प्रेरित होकर उन्होंने गंडक के पिपरा घाट पर चेंजिंग रूप बनवाने का कार्य किया है।