गोरखपुर :: कुल 182.65 करोड़ रु0 लागत की 233 परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

डेस्क, कुशीनगर केसरी, गोरखपुर। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने आज नगर निगम परिसर गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में सामुदायिक सुविधा केन्द्र/सदन भवन एवं नगर निगम के कार्यालय भवन सहित कुल 182.65 करोड़ रुपये लागत की 233 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 127.18 करोड़ रुपये लागत की 180 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 55.47 करोड़ रुपये लागत की 53 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 12 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।बता दें कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि नगर निगम का भवन लगभग 122 वर्ष पुराना था। नगर निगम गोरखपुर के नवीन भवन के साथ ही बेहतर व्यवस्था बनाने की मांग की गई थी। नये भवन के निर्माण के साथ हींं गोरखपुर महानगर का दायरा भी बढ़ेगा तथा नगरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होगी। नगर निगम गोरखपुर का बहुत ही गौरवशाली इतिहास है। इसलिए नगर निगम के पुराने भवन को संग्रहालय के रूप में विकसित किया जायेगा, जिससे लोगों को नगर निगम के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके। सूूबे के मुखिया ने आगे कहा कि नगर निगम के नये भवन में नगर निगम का सदन एवं कार्यालय, पार्षदों की बैठक के लिए मीटिंग हाल के साथ ही, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था रहेगी। नगर निगम के नवीन भवन में गोरखपुर की संस्कृति की झलक दिखाई दे इसके लिए नगर निगम तथा जिला प्रशासन योजना बनाकर गुणवत्ता के साथ कार्य को पूर्ण करायें।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम/नगर निकायों को आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। नगर निगम गोरखपुर के नवीन भवन में वाणिज्यिक स्थान निर्मित कर निगम को आत्मनिर्भर बनाने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सात शहरों को जिसमें गोरखपुर भी शामिल है को प्रदेश सरकार द्वारा अपने संसाधनों से स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने हेतु कार्य योजना तैयार की जा रही है। इससे गोरखपुर नगरवासियों को भी अच्छी बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि महानगर की सड़कें इस प्रकार बनायी जानी चाहिए कि 10 से 15 वर्ष तक नागरिकों द्वारा उनका इस्तेमाल किया जा सके।




मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर में वर्षों से बन्द खाद कारखाने को शीघ्र आरम्भ कर दिया जायेगा, इससे किसानों को सुविधा मिलेगी। खाद कारखाना चालू होने से यहां पर रोजगार भी उपलब्ध होगा। चिड़ियाघर के आरम्भ होने से गोरखपुर नये पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि ठंड के समय कोई भी सड़कों की पटरी पर न सोये। इसके लिए नगर निगम, जिला प्रशासन मिलकर कार्य करें। रैन बसेरों में नोडल अधिकारी की तैनाती की जाए। बढ़ती ठंड के दृष्टिगत स्कूली बच्चों को स्वेटर तथा जरूरतमंदों के लिए कम्बल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री श्री आशुतोष टण्डन ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के विकसित राज्यों में शामिल हो रहा है। नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन में सुव्यवस्थित कार्यालय के साथ-साथ सभी के बैठने की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इससे प्रदूषण में काफी कमी होगी। प्रदेश सरकार द्वारा 700 इलेक्ट्रिक बसोंं का क्रय किया जा रहा है। कार्यक्रम को नगर विधायक डाॅ0 राधा मोहन दास अग्रवाल, विधायक ग्रामीण श्री विपिन सिंह तथा गोरखपुर के महापौर श्री सीताराम जायसवाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर एम0एल0सी0 श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक श्री फतेहबहादुर, श्री शीतल पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या मेंं आम जनता उपस्थित रहे।