पटना :: दो गायों को आपसी विवाद में मारी गोली, एक गाय की मौत, पुलिस ने किया मुकदम दर्ज

विजय कुमार शर्मा, कुशीनगर केसरी, बिहार, पटना। आपसी विवाद में दो गायों को गोली मार दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोली लगने से एक गाय की मौत हो गई जबकि दूसरी गाय की हालत गंभीर है। पुलिस ने गाय के शव का पोस्टमार्टम कराया है। घायल गाय का इलाज कराया जा रहा है, पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।


बता दें कि मोकामा थाना क्षेत्र के सकरवार टोला के वार्ड सं-14 में एक किसान के दो गायों को गोली मार दी गई इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा जख्मी है। इस संबंध में किसान भोला सिंह उर्फ भोली सिंह की पत्नी पार्वती देवी के बयान पर पट्टेदार मन्नू सिंह के दो पुत्र संजीत सिंह व शिवजी सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में कहा गया है कि लहरिया टोला स्थित बथान में गायें बंधी हुई थी। इसी दौरान आरोपितों ने एक गाय के सिर में गोली मार दी, जिसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरी गाय को पेट में गोली मारी गई है, जिसकी स्थिति गंभीर बनी है। गोली की आवाज सुनकर जब परिजन बाहर निकले तो सभी वहां से भाग गए। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पट्टेदारों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा है। तीन दिनों से दोनों के बीच फायरिंग की घटना हो रही है। मोकामा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजनंदन शर्मा ने बताया कि आरोपितों पर पूर्व से ही कई संगीन मामले दर्ज हैं। दोनों पट्टेदारों के बीच पुरानी रंजिश है।