बेतिया(प.चं.) :: जल-जीवन-हरियाली, नशामुक्ति, बाल- विवाह एवं दहेज -प्रथा उन्मूलन के समर्थन हेतु प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारियों की बैठक

शहाबुद्दीन अहमद, बेतिया(प.चं.), बिहार। जल-जीवन-हरियाली, नशामुक्ति, बाल- विवाह एवं दहेज -प्रथा उन्मूलन के समर्थन में 19 जनवरी 2020 को बनने वाली मानव श्रृंखला के सफल आयोजन हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी, चनपटिया दीनबंधु दिवाकर और मानव श्रृंखला जिला कोषांग की नोडल सुश्री मेरी एडलीन की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मानव श्रृंखला को सफल बनाने हेतु माइक्रो प्लानिंग के अनुसार जोनल, सेक्टर का चयन कर कार्य विभाजित किया गया।बैठक में उपस्थित शिक्षा विभाग, जीविका, स्वास्थ्य विभाग, आशा, आंगनबाड़ी एवं अन्य विभाग के अधिकारियों को मानव श्रृंखला में कितना मानव बल लगेगा संख्या विभाजित कर दिया गया। मुख्य मार्ग और सहायक मार्ग की मानव श्रृंखला के लिए जोनल, सेक्टर आदि का चयन किया गया। वही मेरी एडलीन ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चनपटिया प्रखंड में 57 किलोमीटर की मानव श्रृंखला का लक्ष्य है। इसमें एक लाख से ज्यादा मानव बल चाहिए। इसलिए ज्यादा से ज्यादा जन भागीदारी हो इसके लिए लोगों को प्रेरित करें। विद्यालय स्तर, प्रखंड स्तर पर मानव श्रृंखला में जन भागीदारी हेतु प्रचार -प्रसार के लिए अलग- अलग गतिविधियों, नवाचार आदि किया जा सकता है। सुश्री ने कहा मानव श्रृंखला में उपस्थित होने वाले छात्र- छात्राओं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। विशेषकर मानव श्रृंखला के समापन के बाद बच्चे सुरक्षित अपने- अपने विद्यालय या घर पहुँचे, इसका पूरा ख्याल रखा जाये। बैठक में चनपटिया थाना प्रभारी मनीष कुमार, कुमारबाग ओ पी थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जीविका, आशा, आंगनवाड़ी सहित प्रखंड के अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित हुए। बैठक उपरांत प्रखंड विकास पदाधिकारी दीनबंधु दिवाकर एवं मेरी एडलीन के द्वारा संयुक रूप से प्रखंड प्रमुख श्री वीरेंद्र मांझी, उप प्रमुख एवं अन्य जन प्रतिनिधि को माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अपील की प्रति दिया गया, और मानव श्रृंखला में आम जनता और जन प्रतिनिधियों की भागीदारी हेतु अपील किया गया।